श्री सप्तदेव मंदिर में भव्य मंगलपाठ का आयोजन हुआ सम्पन्न..

कोरबा। श्री सप्तदेव मंदिर में प्रत्येक माह अमावस्या के अवसर पर माँ श्री राणीसती दादी जी का भव्य मंगलपाठ किया जाता है। इसी क्रम में फाल्गुन कृष्ण पक्ष की अमावस्या, दिनांक 28 फरवरी 2025, शुक्रवार को दादी जी का मंगलपाठ बड़े ही श्रद्धा और भक्ति भाव के साथ संपन्न हुआ।
इस मंगलपाठ का आयोजन दोपहर 3:00 बजे से सायं 7:00 बजे तक किया गया, जिसमें कोरबा से पधारीं श्रीमती ममता तिवारी एवं उनकी पार्टी ने संगीतमय मंगलपाठ की प्रस्तुति दी। उनकी मधुर व भक्तिमय आवाज में किए गए पाठ ने भक्तों को भावविभोर कर दिया। बड़ी संख्या में मंगलपाठी बहनों ने एक लय व एक राग में सामूहिक रूप से पाठ कर दादी जी की महिमा का गुणगान किया।
कार्यक्रम में उपस्थित सभी श्रद्धालु भक्तों ने इस आध्यात्मिक माहौल का आनंद लिया। मंगलपाठ के उपरांत सभी भक्तों को प्रसाद वितरित किया गया। इस अवसर पर मंदिर के प्रमुख ट्रस्टी श्री अशोक मोदी ने आगामी धार्मिक आयोजनों की जानकारी दी एवं सभी श्रद्धालुओं को आमंत्रित किया।